आशीष मिश्रा
जनपद हरदोई के विकास खंड हरपालपुर की ग्राम पंचायत श्यामपुर पंजा में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही के कारण विकास कार्य ठप पड़े हैं। ग्रामीणों द्वारा बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
फर्जी रिपोर्ट लगाकर दबाया जा रहा मामला
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर कई बार खंड विकास अधिकारी एवं उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत की गई। लेकिन हर बार जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मौके की जांच किए बिना फर्जी रिपोर्ट लगाकर मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है। शिकायतों के बावजूद कोई भी अधिकारी या कर्मचारी समस्या के समाधान के लिए गंभीर नहीं है।
स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही दिक्कत
ग्राम पंचायत श्यामपुर पंजा के प्राथमिक विद्यालय से गांव के मुख्य मार्ग तक जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। नाली न होने के कारण सड़क पर लगातार कीचड़ और गंदा पानी भरा रहता है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सरकारी दावों की खुल रही पोल
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क एवं नाली निर्माण के लिए कई बार ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर तक के अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। न तो नाली का निर्माण कराया गया और न ही सड़क की मरम्मत कराई गई।
एक ओर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कराने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं हरपालपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत श्यामपुर पंजा की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है।
ग्रामीणों ने की जांच की मांग
गांव के लोगों में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हरदोई से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। फर्जी रिपोर्ट लगाने वाले और विकास कार्य में लापरवाही बरतने वाले दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव में प्राथमिकता के आधार पर नाली एवं सीसी रोड का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए।
आशीष मिश्रा की रिपोर्ट