राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) मद से संचालित निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत कार्य तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं और पूर्णता प्रमाण पत्र समय पर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किए जाएं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएमएफ अंतर्गत कार्यों की विभागवार प्रगति का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत अवलोकन किया गया। जिले में स्वीकृत कुल 253 कार्यों में से 92 कार्य वर्तमान में प्रगतिरत पाए गए, जिनकी बारीकी से समीक्षा की गई।
इन प्रगतिरत कार्यों में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के 40, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) के 22, जल संसाधन विभाग के 5 एवं अन्य विभागों के 25 कार्य शामिल हैं।
कलेक्टर तिवारी ने निर्देशित किया कि जिन निर्माण स्थलों पर अतिक्रमण की समस्या है, वहां तत्काल कार्रवाई कर बाधाएं दूर की जाएं। साथ ही लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्ण कार्यों के प्रमाण पत्र जारी करने में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं होगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री श्रीमती शारदा सिंह सहित आरईएस, पीएचई, जिला शिक्षा केंद्र एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।