गाय माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिया जाए: विपन कांसल, शास्त्री गुरुदत्त आचार्य
मंडी गोबिंदगढ़/ अमलोह अजय कुमार
गौ सम्मान आह्वान अभियान जिला फतेहगढ़ साहिब के अध्यक्ष विपन कांसल और अमलोह तहसील अध्यक्ष एवं वैदिक सनातन भवन अमलोह के डायरेक्टर महंत शास्त्री गुरुदत्त आचार्य ने राम भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान केंद्र व पंजाब सरकार से गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग की।
इस अवसर पर गौ सेवा समिति अमलोह के अध्यक्ष भूषण सूद, राजिंदर भांबरी, मैनेजर कृष्ण कांत सहित अन्य गौ भक्त उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि देश में बढ़ रही गौ हत्या चिंता का विषय है और इसे रोकने के लिए गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गाय का भारतीय संस्कृति और जीवन में विशेष महत्व है।
उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर 27 अप्रैल को देशभर के गौ भक्त अपने-अपने सब-डिवीजन मुख्यालयों पर एकत्रित होकर एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजेंगे। इसके बाद ज्ञापन डिप्टी कमिश्नरों के जरिए राज्य सरकारों तक पहुंचाया जाएगा।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो दिल्ली में सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा और उसके बाद आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
महंत शास्त्री गुरुदत्त आचार्य ने बताया कि अमलोह सब-डिवीजन में इस उद्देश्य को लेकर घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसे लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल को सुबह 10 बजे राम मंदिर अमलोह में एकत्रित होकर एसडीएम अमलोह को ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिले की अन्य तहसीलों में भी इसी प्रकार ज्ञापन दिए जाएंगे।
उन्होंने सभी गौ भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। इस मौके पर कार्यक्रम संबंधी एक पैम्फलेट भी जारी किया गया।
फोटो कैप्शन:
महंत शास्त्री गुरुदत्त आचार्य प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए।
महंत शास्त्री गुरुदत्त आचार्य एवं अन्य लोग कार्यक्रम का पैम्फलेट जारी करते हुए।