रीवा ब्यरो चीफ रिप्पू पाण्डेय
मनिकवार में आबकारी नियमों और प्रशासन के निर्देशों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जिले में शराब बिक्री के लिए निर्धारित समय सीमा को दरकिनार करते हुए यह दुकान सुबह 6:00 बजे से ही संचालित की जा रही है, जबकि नियमतः इसे निर्धारित समय के पूर्व खोलना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
ठेकेदार के हौसले बुलंद, प्रशासन का खौफ नहीं
स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ठेकेदार के हौसले इतने बुलंद हैं कि उसे प्रशासन की कार्रवाई का रत्ती भर भी डर नहीं है। सुबह तड़के दुकान खुल जाने से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
*मैनेजमेंट के खेल की चर्चाएँ तेज*
शराब कारोबारी द्वारा बेखौफ होकर किए जा रहे इस अवैध संचालन ने स्थानीय प्रशासन से लेकर जिला स्तर के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में यह चर्चा आम है कि स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ साठगांठ के चलते ही नियमों का यह खुला उल्लंघन हो रहा है। सवाल यह उठता है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी जानबूझकर इस ओर से आंखें मूंदे हुए हैं
स्थानीय लोगो की मांग सख्त हो कार्रवाई
मनिकवार के नागरिकों ने जिला कलेक्टर और आबकारी आयुक्त से मांग की है कि इस मामले की तत्काल जांच कराई जाए। यदि दुकान निर्धारित समय से पहले खुल रही है, तो ठेकेदार का लाइसेंस निलंबित किया जाए और उन अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो जो इस अवैध गतिविधि को मूक सहमति दे रहे हैं।