दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
तहसील अंतर्गत झरईटोला म्योरपुर में 27 अप्रैल 2026 की सुबह हुई 12 वर्षीय नाबालिग लड़की की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर अभियुक्त को हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एसओजी टीम, सर्विलांस टीम और उच्च अधिकारियों द्वारा गठित विशेष दलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस प्रकरण का सफल अनावरण किया।
मुकदमा अपराध संख्या 57/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभियुक्त दीपक कुमार पुत्र नंदलाल निवासी म्योरपुर पर नजर रखी। हत्या के मात्र दो घंटे बाद ही कई जगहों पर दबिश देकर भाग रहे अभियुक्त को घेर लिया गया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने आत्मसमर्पण के बजाय पुलिस पर गोली चला दी, जिसके बचाव में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त नाबालिग लड़की का दूर का मामा बताया जाता है, जो उसी गांव में रहता था। घटना के सफल अनावरण से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा अभी बाकी है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।