राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। भीषण गर्मी के दौर में आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार, जिला कटनी द्वारा सराहनीय पहल की गई है। (डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन) DIYA कटनी चैप्टर के अंतर्गत शहर में शीतल RO जल के दो नए केंद्रों का शुभारंभ किया गया, जिससे अब ऐसे केंद्रों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
जानकारी के अनुसार, दूसरा जल केंद्र जवाहर चौक झंडा बाजार में पीपल के पेड़ के नीचे तथा तीसरा केंद्र सराफा बाजार क्षेत्र में स्थापित किया गया। दोनों केंद्रों का शुभारंभ जल जागरूकता गायत्री यज्ञ के माध्यम से किया गया। इससे पूर्व एक केंद्र पहले से संचालित था, जो लगातार लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध करा रहा है।
इस सेवा कार्य का संचालन मनोनीत जिला समन्वयक कमल राज अग्रवाल के नेतृत्व में किया जा रहा है। उनके साथ समन्वय समिति के सदस्य शरद जायसवाल, डॉ. विद्याभूषण खरे, श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव, योगाचार्य मुकेश अग्रवाल, देवेंद्र दुबे, धीरज नामदेव, लव सिंह चौहान, अभिषेक केशरवानी, दीपक शीरवानी, साकेत चतुर्वेदी, दहिया बाबू, सुभाष सोनी, हरिशंकर गुप्ता, राकेश नामदेव और राजकुमार गोयल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
तीनों जल केंद्र पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रहे हैं और राहगीरों, दुकानदारों एवं बाजार में आने वाले ग्रामीणों को निशुल्क शीतल जल उपलब्ध करा रहे हैं। इस पहल से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिल रही है।
गायत्री परिवार कटनी ने शहर के प्रबुद्ध नागरिकों एवं संस्थाओं से अपील की है कि वे इस तरह के सेवा कार्यों में आगे आकर सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाई जा सके।
“मानव सेवा ही माधव सेवा है” — इसी भावना के साथ यह अभियान निरंतर जारी है।