उदयपुर संभाग ब्यूरो चीफ ललित नागदा
प्रतापगढ़।
मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत प्रतापगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी विशाल जाँगिड़ के निर्देशन व एएसपी जयदेव सियाग के मार्गदर्शन में पुलिस ने 37 मामले दर्ज कर 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 801 किलो डोडाचूरा, 9.253 किलो अफीम, 1.197 किलो एमडी, 127 ग्राम ब्राउनशुगर और 995 ग्राम गांजा जब्त किया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 31 दोपहिया व चौपहिया वाहन भी सीज किए गए।
2 बड़े तस्करों की काली कमाई पर चला हंटर
एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ (1) के तहत अरनोद पुलिस ने कड़ी वित्तीय कार्रवाई करते हुए तस्करों की 4.72 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। इसमें देवल्दी निवासी अजब खान की 2.82 करोड़ रुपये और बेडमा निवासी जाहिद खान की 1.90 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति शामिल है। एसपी जाँगिड़ ने बताया कि नशे के कारोबारियों पर यह कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।