आगर मालवा से महेन्द्र बीजापारी कि रिपोर्ट
आगर-मालवा
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने गुरूवार को नई कृषि उपज मंडी आगर में 09 अक्टूबर को आयोजित होने वाले बलराम कृषि महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मंच निर्माण, किसानों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी उप संचालक कृषि को दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर आकस्मिक रूप से कृषि उपज मंडी में सोयाबीन उपज नीलामी शेड में पहुंचे, जहां उन्होंने सोयाबीन की नीलामी प्रक्रिया को देखा और किसानों से चर्चा कर उनकी उपज की बिक्री, तौल, नीलामी एवं भुगतान आदि की जानकारी ली। कलेक्टर ने मंडी सचिव को निर्देश दिए कि उपज की नीलामी प्रकिया समय पर प्रारंभ होकर पूर्ण हो जाए और किसानों की उपज का समय पर सही-सही तौल होकर उन्हें भुगतान प्राप्त हो जाए, ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ने कहा कि मंडी में अपनी उपज लाने वाले किसानों को कोई असुविधा न हो, उन्हें उनकी उपज का प्रतिस्पर्धात्मक उचित मूल्य प्राप्त हो। कलेक्टर ने एक मंडी व्यापारी द्वारा गंगापुर बड़ौद के एक किसान कनीराम की 6417 रूपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदी गई सोयाबीन उपज के तौल पर्ची के आधार पर तौल की प्रक्रिया को देखा। किसान कनीराम ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष उन्हें सोयाबीन की अच्छी उपज प्राप्त हुई है। भाव भी अच्छा मिला है। कनीराम ने बताया कि उन्होंने लगभग 18 बोरी सोयाबीन मंडी में विक्रय की है। उन्हें मंडी में कोई असुविधा नहीं हुई है।
इस निरीक्षण के दौरान मंडी व्यापारी एवं किसानों ने आग्रह किया कि मंडी में इस समय लगभग 24 हजार क्विंटल सोयाबीन की आवक आ रही है। किसानों को नगद भुगतान में व्यापारियों को नगदी राशि प्राप्त होने में समस्याएं है, उन्होंने कलेक्टर से कहा कि व्यापारियों को नगदी अधिक मात्रा में यदि बैंकों से उपलब्ध हो जाए, तो वे किसानों को भी त्वरित नगद भुगतान कर सकेंगे। इस पर कलेक्टर ने कहा कि उक्त समस्या उनके संज्ञान में है और इसका शीघ्र ही समाधान किया जा रहा है। जिससे कि व्यापारियों और किसानों को कोई असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री गोपेश पाठक, मंडी सचिव आगर एवं मंडी स्टॉफ सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं किसान उपस्थित थे।