जोधपुर
4 अक्टूबर, 2026 को आयोजित होने वाले सेक्हों इंडियन एयरफोर्स हाफ मैराथन (SIM-2026) के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर सोमवार को जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन की अध्यक्षता में उनके कक्ष में एयरफोर्स अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में मैराथन के रूट, यातायात एवं सुरक्षा प्रबंधन सहित आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
रूट का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने पुलिस विभाग, जोधपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जोधपुर डिस्कॉम, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, खेल विभाग, चिकित्सा विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को आयोजन की आवश्यकताओं के अनुरूप समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मैराथन रूट पर रूट मैनेजमेंट, साफ-सफाई, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान प्रतिभागियों एवं आमजन की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।
रंजन ने संबंधित विभागों को एयरफोर्स अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए मैराथन रूट का प्रारंभिक बिंदु से अंतिम बिंदु तक संयुक्त रूप से भौतिक निरीक्षण करने तथा आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को मौके पर ही चिह्नित कर समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाने में प्रभावी भूमिका निभाएं।
बैठक में एयरफोर्स के उच्च अधिकारीगण, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर – द्वितीय) ओमप्रकाश सारण आईएएस प्रशिक्षु उमेश कुमार, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शाहीन सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कुलदीप दवे जोधपुर