रीवा ब्यरो चीफ रिप्पू पाण्डेय
रीवा जिले के नगर परिषद गुढ़ के मुख्य मार्ग से सब्जी मंडी की ओर मुड़ने वाला मार्ग इन दिनों वाहन चालकों के लिए काल का ग्रास साबित हो रहा है।सब्जी मंडी मोड़ पर सड़क का उतार और चढ़ाव तकनीकी रूप से इतना असुरक्षित है कि यहाँ आए दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं।इसी क्रम में आज फिर एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सीधे नाली में जा गिरा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आज एक स्कूटी सवार ने जैसे ही मुख्य मार्ग से सब्जी मंडी की ओर अपनी गाड़ी मोड़ी अत्यधिक ढलान के कारण वह संतुलन खो बैठा।मंडी की ओर से मुख्य मार्ग पर चढ़ते समय यदि कोई वाहन विशेषकर दोपहिया बीच में बंद हो जाए, तो पीछे की ओर ढलान इतनी तीव्र है कि चालक गाड़ी संभाल नहीं पाता।आज की घटना में स्कूटी सवार सीधे मार्ग के किनारे बनी गहरी नाली में जा गिरा,जिससे उसे चोटें आई हैं और वाहन को भी क्षति पहुँची है।
क्या रहती है दुर्घटना की वजह
अत्यधिक ढलान मंडी की तरफ से मुख्य मार्ग पर आने वाली चढ़ाई मानक से कहीं अधिक ऊँची है।सड़क के ठीक किनारे बनी नाली खुली और असुरक्षित है।गाड़ी पीछे खिसकने या संतुलन बिगड़ने पर सीधे नाली ही एकमात्र पड़ाव बचता है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण के समय मोड़ और ढलान के अनुपात का ध्यान नहीं रखा गया।
स्थानीय लोगों का क्या कहना है
स्थानीय लोगो और व्यापारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस समस्या के बारे में पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, किंतु स्थिति जस की तस बनी हुई है।यदि कोई भारी वाहन यहाँ फंसता है या किसी बाइक सवार का संतुलन बिगड़ता है तो जानलेवा स्थिति बन जाती है।