राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी— शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने वाले सफाई मित्रों और निगम कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी ने एक सराहनीय पहल की है। शुक्रवार को के.सी.एस. स्कूल परिसर में विशाल मेगा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया।
सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस एक दिवसीय शिविर में 22 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 500 से अधिक सफाई मित्रों एवं निगम कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया।
इस दौरान मधुमेह, एनीमिया, ब्लड प्रेशर, वजन, छाती का एक्स-रे और बलगम जांच सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं श्वसन, त्वचा, नेत्र, अस्थि, दंत, मानसिक स्वास्थ्य, शिशु एवं ईएनटी से जुड़ी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने परामर्श प्रदान किया।
शिविर में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार की उपस्थिति में शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं, जिससे प्रतिभागियों को व्यापक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकी।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता की रीढ़ हैं और कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। ऐसे में उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रखना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर न केवल कर्मियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाएंगे, बल्कि स्वच्छ और सुरक्षित शहर की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नगर निगम की इस पहल को कर्मचारियों ने सराहा और इसे अपने स्वास्थ्य के प्रति एक सकारात्मक कदम बताया।