राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी — नगर पालिक निगम कटनी ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को अमिरगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर रविंद्र नाथ टैगोर वार्ड अंतर्गत एम.एस.डब्ल्यू. कचरा प्लांट मार्ग के पास स्थित निगम स्वामित्व की आरक्षित भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 15×30 फुट क्षेत्र में किए गए अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। बताया गया कि उक्त भूमि सूअर बाड़ा निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए आरक्षित है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेश की अनदेखी करने पर निगम ने सख्त कार्रवाई की।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए ही कार्रवाई की जाती है और दोषियों को भविष्य में अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई है।
वहीं, शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए खिरहनी ब्रिज के नीचे भी कार्रवाई की गई। यहां अवैध रूप से बग्घियां खड़ी कर मार्ग अवरुद्ध करने वाले संचालकों पर 1000 रुपए का जुर्माना लगाया गया और तत्काल स्थल खाली कराया गया।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण दस्ते के रंजीत खटीक, अजय कुशवाहा, अब्दुल नसीम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और शहर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग दें।