कैमोर क्षेत्र में डीएवी स्कूल के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 4:20 बजे एक तेज रफ्तार भारी हाईवे वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में दोनों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से विजय राघवगढ़ स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ई-रिक्शा चालक के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे बैठी सवारी के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के तुरंत बाद चालक ने एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहीं, दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर ओवरलोडेड भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं। कई बार इन वाहनों से गिरने वाली गिट्टी और पत्थर सड़क पर फैले रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
कैमोर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हाइवा ट्रक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही वाहन और चालक का पता लगाकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्ती से निगरानी, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई और स्पीड कंट्रोल के ठोस उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट