राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने 1 एवं 2 मई की दरम्यानी रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। इस विशेष अभियान का केंद्र थाना माधव नगर रहा, जहां से पूरे शहर की अलग-अलग बीटों में पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश देकर अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में 170 से अधिक पुलिस बल ने भाग लिया। अभियान शुरू होने से पहले थाना माधव नगर में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विस्तृत ब्रीफिंग कर रणनीति तैयार की गई, जिसके बाद सात अलग-अलग टीमों का गठन कर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया।
रात्रि भर चली इस कार्रवाई में पुलिस ने फरार, वांछित एवं आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 50 से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 36 गिरफ्तारी वारंटी और 14 स्थाई वारंटी शामिल हैं। साथ ही 50 से अधिक निगरानी बदमाशों और सूचीबद्ध गुंडों की सघन जांच कर उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान थाना माधव नगर में दर्ज दो या उससे अधिक अपराधों में संलिप्त अपराधियों को बुलाकर पूछताछ की गई, उनके डोजियर तैयार किए गए और उन्हें अपराध का रास्ता छोड़ने की सख्त हिदायत दी गई। इस दौरान एक सकारात्मक पहल भी देखने को मिली, जहां कुछ आदतन अपराधियों ने स्वयं आगे आकर अपराध छोड़ने और यातायात व सड़क सुरक्षा में सहयोग देने की इच्छा जताई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एटीएम एवं बैंक परिसरों की भी जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। साथ ही 17 बाहरी मुसाफिरों का सत्यापन कर रजिस्टर में दर्ज किया गया।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध शराब के दो प्रकरण दर्ज किए, वहीं आर्म्स एक्ट के तहत दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 34 चालान भी काटे गए।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई, जिसमें शांति भंग की आशंका पर 2, जबकि 45 प्रकरणों में 45 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
इस बड़े अभियान में जिले के 15 थाना प्रभारियों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी फील्ड में मौजूद रहे। कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह के सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।