लोकेशन पन्ना एमपी ब्यूरो रिपोर्ट कमला कान्त मिश्रा
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के कल्दा पठार क्षेत्र में आज उस वक्त हर आँख नम हो गई, जब पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए शहीद श्रीनिवास सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुँचा। सागर की 10वीं बटालियन (SF) में पदस्थ 59 वर्षीय श्रीनिवास सिंह पश्चिम बंगाल में चुनावी मोर्चे पर तैनात थे, जहाँ अचानक बीमारी के चलते उन्होंने कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। आज 2 मई को जैसे ही शहीद का तिरंगे में लिपटा शरीर विशेष वाहन से गांव पहुँचा, ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद श्रीनिवास अमर रहें’ के नारों से पूरा आकाश गुंजायमान हो उठा। हजारों की संख्या में उमड़े जनसैलाब ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। प्रशासन की ओर से शहीद को राजकीय सम्मान दिया गया। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर और गन सैल्यूट देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। इस शहादत से समूचे इलाके में शोक की लहर है, लेकिन ग्रामीणों को अपने माटी के लाल के कर्तव्यपरायणता पर गर्व भी है।