बुलंदशहर डिबाई विधानसभा क्षेत्र के तीर्थ स्थल राजघाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। ब्रह्ममुहूर्त से ही बांके बिहारी घाट, दुर्गा देवी घाट और पक्के घाट सहित सभी प्रमुख घाटों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्नान के दौरान ‘जय गंगे’ के उद्घोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद तट पर विधि-विधान से पूजन-अर्चना की, सत्यनारायण भगवान की कथा का स्मरण किया और मां गंगा की आरती उतारी। बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजघाट चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र में तैनात रहे। डिबाई सीओ मधुप सिंह ने गंगा घाट पर मोटर बोट से लगातार निगरानी की, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। ग्राम प्रधान
ओमवीर सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा मेले में जगह-जगह गोताखोरों की व्यवस्था की गई थी, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। इस अवसर पर डिबाई, अलीगढ़, हाथरस,
सासनी, मथुरा, बहजोई, अतरौली, गोधा और धनारी सहित विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु राजघाट पहुंचे थे। स्नान के उपरांत, भक्तों ने घाट पर बैठे ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा भी दी।
संवाददाता अतुल कुमार