राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी — जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुड़वारा विधायक संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल ने जिला चिकित्सालय को चार कैबिनेट वाला अत्याधुनिक डेड बॉडी फ्रीजर भेंट किया है। विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए इस फ्रीजर की कुल लागत 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
यह फ्रीजर पोस्टमार्टम गृह में स्थापित किया गया है, जिससे अब शवों को लंबे समय तक सुरक्षित और सम्मानजनक स्थिति में रखा जा सकेगा। अक्सर कानूनी प्रक्रिया, मेडिकल जांच या अंतिम संस्कार में देरी के चलते शवों के खराब होने की समस्या सामने आती थी, जिसे अब काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजसिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सुविधा जिला अस्पताल के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। वहीं सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने भी इसे स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार बताया।
विधायक संदीप जायसवाल द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में यह पहला योगदान नहीं है। इससे पूर्व भी उन्होंने टीबी मरीजों के लिए 12 लाख 40 हजार रुपये की लागत से हैंड हेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई थी। साथ ही वे 180 टीबी मरीजों के ‘निक्षय मित्र’ बनकर उन्हें छह माह तक पोषण किट भी वितरित कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस जनहितैषी पहल के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के संसाधनों से जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल।।