दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में SBI RSETI दंतेवाड़ा निरंतर प्रयासरत है। इसी का एक प्रेरणादायक उदाहरण ग्राम मथाड़ी निवासी कौशल कुमार हैं, जिन्होंने SBI RSETI दंतेवाड़ा से सेलफोन रिपेयरिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद स्वयं का व्यवसाय शुरू किया है।
कौशल कुमार ने 01 जुलाई 2025 से 30 जुलाई 2025 तक SBI RSETI दंतेवाड़ा में सेलफोन रिपेयरिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने मोबाइल फोन की मरम्मत से संबंधित तकनीकी जानकारी एवं आवश्यक कौशल सीखे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्होंने अपने हुनर को रोजगार में बदलने का निर्णय लिया और कटेकल्याण में ‘बस्तरिया मड़वी मोबाइल रिपेयरिंग’ नाम से अपनी दुकान शुरू की।
आज कौशल कुमार अपने तकनीकी ज्ञान का उपयोग कर मोबाइल रिपेयरिंग के क्षेत्र में स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उनका यह प्रयास ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। यह उदाहरण दर्शाता है कि सही मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण और मेहनत के माध्यम से युवा नौकरी की तलाश करने के साथ-साथ स्वयं का रोजगार भी स्थापित कर सकते हैं।
SBI RSETI दंतेवाड़ा के निदेशक श्री एम. आर. राजू के मार्गदर्शन में संस्थान युवाओं को विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करता है। संस्थान का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक कौशल प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
कौशल कुमार की यह पहल कौशल विकास और स्वरोजगार के महत्व को उजागर करती है। उनकी सफलता अन्य युवाओं को भी प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना व्यवसाय शुरू करने की प्रेरणा देती है।
SBI RSETI दंतेवाड़ा का संदेश: कौशल सीखें, आत्मविश्वास बढ़ाएं और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें।