राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी|वारदाना प्रकरण में कथित अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई में देरी पर एक सामाजिक संगठन ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। ‘राष्ट्रीय भ्रष्टाचार निरोधक, टाइगर्स संस्थान’ के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
प्रकरण का विवरण
जानकारी के अनुसार खरीदी केंद्र कांटी से जुड़ा मामला सामने आया था, जिसमें शासकीय बारदाने को निजी गोदाम में रखे जाने की शिकायत हुई थी। जांच के बाद संबंधित केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। विजयराघवगढ़ एसडीएम द्वारा जारी आदेश में संबंधित अधिकारी को पद से हटाने एवं FIR दर्ज करने की बात कही गई थी।
कार्रवाई में देरी पर उठे सवाल
ज्ञापन में संगठन के प्रतिनिधि कमल कुमार शर्मा ने उल्लेख किया है कि आदेश जारी होने के लगभग 15 दिन बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) की भूमिका को लेकर भी प्रश्न उठाए हैं और मामले में स्पष्ट स्थिति सामने लाने की बात कही है।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
संगठन द्वारा प्रशासन के समक्ष चार प्रमुख बिंदु रखे गए हैं—
संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच की मांग
केंद्र प्रभारी को पद से हटाकर FIR दर्ज करने की कार्रवाई
पूरे प्रकरण की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) से जांच
अन्य संभावित पहलुओं की भी निष्पक्ष जांच
तीन दिन का समय
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को तीन दिवस का समय देते हुए कहा है कि तय समयावधि में कार्रवाई नहीं होने पर आगे की वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
कलेक्टर कार्यालय में यह ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर के माध्यम से प्राप्त किया गया, जिस पर आवक क्रमांक भी दर्ज किया गया है। फिलहाल, मामले में प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।