सिद्धार्थनगर|उसका बाज़ार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर मंगलवार से 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. एस.के. पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि चिकित्सकों की देखरेख में पूरी सावधानी और सुरक्षा के साथ टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और यह महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में मददगार साबित होती है।
डॉ. पटेल ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को समय पर यह टीका अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि यह टीकाकरण अभियान सरकार द्वारा निशुल्क चलाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक किशोरियां इसका लाभ उठा सकें।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा और क्षेत्र की सभी पात्र किशोरियों को इसके दायरे में लाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर बीपीएम मनीष पाण्डेय, दिनेश, गौरीशंकर, फूलचंद, नवीमनाथ, महेंद्र कुमार, अनीशा, मुन्नी, माधुरी, करिश्मा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे और टीकाकरण कार्य में सहयोग किया।
शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर