सफलता की कहानी
विकासखंड पांढुर्णा के ग्राम टेम्निकला के प्रगतिशील किसान श्री सुनील हुनकर ने कृषि विभाग के मार्गदर्शन में नवाचार अपनाते हुए 2 एकड़ खेत में एच डी पी एस पद्धति से कपास की फसल लगाई। इस आधुनिक पद्धति से उन्हें कपास उत्पादन में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि हुई है।
किसान सुनील हुनकर ने बताया कि पूर्व में वे परंपरागत विधि से कपास की बोनी करते थे, जिससे उन्हें अपेक्षाकृत कम उत्पादन प्राप्त होता था तथा लागत अधिक आने के कारण आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। कृषि विभाग के मार्गदर्शन में इस वर्ष उन्होंने नवाचार के अंतर्गत एच डी पी एस पद्धति को अपनाते हुए 2 एकड़ क्षेत्र में कपास की फसल लगाई।
उन्होंने बताया कि 2 एकड़ क्षेत्र में कपास फसल लगाने में लगभग 50 हजार रुपये की लागत आई। इस पद्धति से उन्हें प्रति एकड़ लगभग 15 क्विंटल कपास का उत्पादन प्राप्त हुआ तथा कुल 30 से 32 क्विंटल कपास का उत्पादन मिला। इससे किसान को लगभग 2 लाख 30 हजार रुपये की कुल आय प्राप्त हुई एवं लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।
किसान सुनील हुनकर ने बताया कि एच डी पी एस पद्धति से उन्हें बेहतर उत्पादन एवं अधिक लाभ प्राप्त हुआ है, जिसके चलते आगामी वर्ष वे अधिक रकबे में इसी विधि से कपास की खेती करेंगे।
उपसंचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने किसान के इस नवाचार की सराहना करते हुए जिले के कपास उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे भी एच डी पी एस पद्धति से कपास की खेती कर अधिक उत्पादन एवं बेहतर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
इंडियन नैशनल टीवी न्यूज
राजेश चौधरी पांढुर्णा