सिद्धार्थनगर जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने “ऑपरेशन दहन” के द्वितीय चरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में बरामद कुल 9.586 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण कराया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई, जिसमें जनपद के छह थानों में दर्ज 17 अभियोगों से संबंधित मादक पदार्थ शामिल थे।
पुलिस विभाग के अनुसार, न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त होने के बाद निर्धारित मानकों और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई।
निस्तारण की प्रक्रिया थाना त्रिलोकपुर क्षेत्र के बभनी गांव स्थित कॉमन बायो मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट फैसिलिटी (CBWTF प्लांट) में की गई। यहां इन्सिनरेटर मशीन के माध्यम से मादक पदार्थों को पूरी तरह नष्ट किया गया। इस दौरान जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, डीसीआरबी शाखा के अधिकारी एवं संबंधित थाना पुलिस की टीम मौजूद रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन दहन” का उद्देश्य जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है। प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाकर अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी, कार्रवाई और निस्तारण की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी। पुलिस प्रशासन जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठा रहा है और अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।