राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर के केडीसी कॉलेज रेडफोर्ट कैंपस में जिला स्तरीय व्याख्यानमाला एवं नव अधिवक्ता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्याय क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन को विशेष गरिमा प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष त्रिवेदी रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश बार काउंसिल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशांत अवस्थी, बार एसोसिएशन के प्रदेश सचिव योगेश सोनी, इनकम टैक्स संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एस.एस. ठाकुर, वरिष्ठ अधिवक्ता एस.डी. चतुर्वेदी एवं आर.के. पाठक मौजूद रहे।
संस्थान प्रमुख शिक्षारत्न डॉ. पारस जैन ने युवा अधिवक्ताओं एवं छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें न्याय के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जबलपुर एवं कटनी जिले के वरिष्ठ अधिवक्ताओं की सहभागिता ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।
इस अवसर पर “सुदृढ़ न्याय व्यवस्था – सुदृढ़ वैश्विक शांति” विषय पर आयोजित व्याख्यानमाला में वक्ताओं ने न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने, अधिवक्ताओं की भूमिका और सामाजिक उत्तरदायित्व पर विस्तार से अपने विचार रखे।
समारोह के दौरान नव एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान कर उनके उत्कृष्ट योगदान, सत्यनिष्ठा और समाज सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की गई। अतिथियों ने युवा अधिवक्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें संविधान की गरिमा बनाए रखने और न्याय के मार्ग पर दृढ़ रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट रेखा अंजू तिवारी एवं रजिस्ट्रार रोशनी बिलैया द्वारा किया गया। अंत में संयोजक एडवोकेट अजय वीरभद्र माली ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा विधि प्रकोष्ठ जिला संयोजक एडवोकेट दीपक तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।