फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे में आवारा सांडों का आतंक अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। बृहस्पतिवार देर शाम एक सिरफिरे सांड ने स्थानीय पत्रकार पर अचानक हमला बोल दिया। सांड ने पत्रकार को सींगों से उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में बरेली के निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मोहल्ला माली निवासी पत्रकार राजकुमार कश्यप देर शाम अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह घर के पास गली में पहुंचे, तभी सामने से आए एक उग्र सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड ने पत्रकार को संभलने तक का मौका नहीं दिया और लगातार सींगों से वार करता रहा। हमले में उनके पेट, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना होते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह सांड को भगाया और घायल पत्रकार को उठाकर घर पहुंचाया। परिजन उन्हें तत्काल बरेली के अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है। लोगों का कहना है कि कस्बे में आवारा सांड और पशु खुलेआम घूम रहे हैं और आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल अभियान चलाकर आवारा पशुओं को पकड़वाने की मांग की है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली