राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने बड़ी पहल की है। पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में जीआरपी, आरपीएफ एवं जिला पुलिस की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों के साथ होने वाली घटनाओं, स्टेशन के आउटर क्षेत्रों, रेल लाइनों के आसपास स्थित शैडो एरिया एवं स्मॉल डॉग कॉलोनियों में सक्रिय अपराधियों पर लगाम कसने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में सक्रिय गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई।
पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा ने निर्देश दिए कि जिन ट्रेनों में बार-बार घटनाएं सामने आ रही हैं, उन्हें चिन्हित कर समय एवं स्थान के आधार पर डाटा संग्रहण किया जाए। साथ ही यात्रियों के बीच घूमकर खाद्य सामग्री एवं अन्य सामान बेचने वाले वेंडरों की गतिविधियों एवं उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में चोरी गए सामान और जेवरात किन माध्यमों से और कहां बेचे जा रहे हैं, इसकी जानकारी जुटाने तथा चिन्हित स्थानों पर सघन नाकाबंदी करने की रणनीति भी तय की गई। इसके अलावा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दर्ज शिकायतों का विश्लेषण कर अपराधियों तक पहुंचने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही प्रत्येक माह बैठक कर की गई कार्यवाही की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जीआरपी, आरपीएफ एवं जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर अपराध नियंत्रण के लिए साझा रणनीति पर सहमति जताई।