हरदोई। जिले के कछौना थाना क्षेत्र में त्यौरी और मतुआ गांव के बीच तालाब व नाले के पास पानी में एक अज्ञात युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पानी में शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया।
मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। युवक का रंग सांवला है और उसके बाल छोटे हैं। शव पर नीले रंग का लोअर मिला है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि मामले की जांच में मदद मिल सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।