दोपहर से लापता थी महिला, तलाश के दौरान खेत में मिला शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कांधला। क्षेत्र के गांव असदपुर जीडाना में शुक्रवार को खेत में एक 70 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ मौके पर जुट गई। महिला की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सोहनबिरी पत्नी चंद्रभान शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे से लापता थीं। शाम छह बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के दौरान खेत में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान सोहनबिरी के रूप में की। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल छा गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।