सोनभद्र । जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बताया कि उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (उ.प्र. पावर कॉर्प.) ने उपभोक्ताओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आर.डी.एस.एस. (RDSS) योजना के तहत लगे सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटर अब पोस्टपेड मोड में परिवर्तित कर दिए जाएंगे। प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार यह बदलाव मुख्यालय स्तर से आरएमएस बैकएंड के माध्यम से होगा, जिसमें उपभोक्ताओं को कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अब उपभोक्ता पहले बिजली का उपयोग कर बाद में भुगतान कर सकेंगे। डिजिटल बिलिंग के तहत मई 2026 का बिल जून में पोस्टपेड पद्धति से जारी होगा, जो एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए सीधे मोबाइल पर प्राप्त होगा। विभाग हर महीने की 10 तारीख तक बिल उपलब्ध कराने को सुनिश्चित करेगा। यदि नेटवर्क समस्या से ऑटोमैटिक रीडिंग न हो पाए, तो कर्मचारी घर जाकर मैनुअल रीडिंग लेंगे।
सभी नए बिजली कनेक्शन अब केवल स्मार्ट पोस्टपेड मोड में ही जारी किए जाएंगे। आर्थिक बोझ कम करने के लिए घरेलू उपभोक्ता 30 अप्रैल 2026 तक के पुराने बकाये को 10 आसान किस्तों में जमा कर सकेंगे। पूर्व में जमा सिक्युरिटी राशि को जून से अगले चार महीनों के बिलों में समायोजित किया जाएगा। बिल जारी होने के बाद भुगतान के लिए 15 दिन का समय मिलेगा।
उपभोक्ताओं की सहायता के लिए विभाग विशेष कैंपों का आयोजन भी करेगा, जहां शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा। इस निर्णय से लाखों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।