सहारनपुर । थाना चिलकाना पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में लूट के मुकदमे में वांछित दो शातिर अपराधी घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए हैं।
सहारनपुर एस.एस.पी. अभिनंदन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस टीम पटनी-पिलखनी रोड पर चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की वारदात में शामिल दो बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाश मोटरसाइकिल से भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने आम के बाग में छिपकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमन उर्फ आर्यन और कार्तिक निवासी नकुड़ क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, लूट के दो हजार साठ रुपये, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
दोनों अभियुक्त थाना चिलकाना में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित थे और इनके खिलाफ कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़