सहारनपुर के थाना ननौता क्षेत्र में एक विवाहिता महिला द्वारा ससुराल पक्ष पर गंभीर उत्पीड़न एवं प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता निशा खान पत्नी शोएब निवासी अफगान मोहल्ला, पीठ चौक ननौता ने आरोप लगाया है कि उसे लंबे समय से दहेज एवं पारिवारिक विवादों के चलते प्रताड़ित किया जा रहा है।
पीड़िता के अनुसार कुछ समय पूर्व ससुराल पक्ष ने उसे घर से निकाल दिया था। बाद में वह पुनः अपने वैवाहिक घर पहुंची और वहीं रहने लगी। निशा खान का कहना है कि अभी तक उसका कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ है, इसलिए उसे अपने वैवाहिक घर में रहने का पूरा अधिकार है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि रविवार को जब ससुराल पक्ष के लोग एक पारिवारिक शादी समारोह में जाने लगे तो उसने भी साथ चलने की इच्छा जताई। इसी दौरान कथित रूप से उसे बहाने से घर के बाहर निकालकर मकान पर ताला लगा दिया गया और परिवार के लोग चले गए।
इसके बाद से पीड़िता अपनी 18 माह की बच्ची के साथ भीषण गर्मी में घर के बाहर भूखी-प्यासी बैठी रही। पीड़िता का कहना है कि उसने पुलिस सहायता हेतु डायल 112 पर सूचना दी थी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस केवल आश्वासन देकर लौट गई।
निशा खान ने प्रशासन, महिला आयोग एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने मीडिया एवं सामाजिक संगठनों से भी मामले को प्रमुखता से उठाने की अपील की है।
पीड़िता का कहना है कि “जब तक मेरा कानूनी रूप से तलाक नहीं होता, तब तक मैं अपने वैवाहिक घर का अधिकार नहीं छोड़ूंगी।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़