फीस वापसी की मांग को लेकर रिमट मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों का रोष प्रदर्शन
प्रमाण पत्र न मिलने का आरोप
मंडी गोबिंदगढ़ (अजय कुमार)
RIMT Medical College में बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने फीस वापसी और प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। मामले में पुलिस ने कुछ विद्यार्थियों को हिरासत में लिया है।
विद्यार्थी मोहम्मद इबराहिम अंसारी और अन्य छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से प्रमाणित होने का दावा कर उनसे भारी फीस वसूली थी, लेकिन अब डिग्री पूरी होने के बावजूद उन्हें प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जा रहे। विद्यार्थियों का कहना है कि जब उन्होंने अपने दस्तावेजों की मांग की तो कॉलेज प्रबंधन लगातार टालमटोल करता रहा।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने बताया कि विरोध बढ़ने के बाद कॉलेज प्रबंधन उन्हें दिल्ली स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के कार्यालय लेकर गया, जहां उन्हें जानकारी मिली कि संस्थान पर मामले चल रहे हैं और फिलहाल एसोसिएशन की मान्यता नहीं है। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही के कारण उनका भविष्य संकट में पड़ गया है। उन्होंने तत्काल फीस वापसी की मांग की। दूसरी ओर कॉलेज प्रबंधन ने मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जबकि पुलिस प्रशासन की ओर से भी देर शाम तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
मामले का समाधान न निकलने पर विद्यार्थियों ने दोपहर बाद नेशनल हाईवे जीटी रोड पर दोनों तरफ यातायात बंद कर धरना शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। खबर लिखे जाने तक विद्यार्थियों का धरना जारी था। कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी विद्यार्थियों से संपर्क कर मामले के समाधान की कोशिश की, लेकिन विद्यार्थी अपने हिरासत में लिए गए साथियों की रिहाई और फीस वापसी की मांग पर अड़े रहे।
फोटो कैप्शन:
जीटी रोड जाम कर प्रदर्शन करते विद्यार्थी।