राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से 09 और 10 मई 2026 की दरम्यानी रात व्यापक रात्रिकालीन कांबिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान फरार, आदतन, वांछित एवं संदिग्ध अपराधियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान में एसडीओपी विजयराघवगढ़ धीरेन्द्र धार्वे एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा सहित जिले के 15 थाना प्रभारियों ने 150 से अधिक पुलिस बल के साथ फील्ड में उतरकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
115 वारंटियों की गिरफ्तारी, गुंडों और निगरानी बदमाशों की चेकिंग
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने जिलेभर में 115 स्थायी, गिरफ्तारी एवं जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं 88 से अधिक निगरानी बदमाशों एवं सूचीबद्ध गुंडों की सघन चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और आवश्यकतानुसार सख्त चेतावनी दी गई।
प्रमुख कार्रवाई एक नजर में
58 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
30 स्थायी वारंटियों को पकड़ा गया।
46 गुंडों के निवास स्थानों पर पहुंचकर चेकिंग की गई।
42 निगरानी बदमाशों के घरों पर दबिश देकर सत्यापन किया गया।
03 जिलाबदर अपराधियों की विशेष चेकिंग की गई।
36 मुसाफिरों का सत्यापन कर मुसाफिर रजिस्टर में इंद्राज किया गया।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एटीएम पर रही कड़ी नजर
कटनी पुलिस ने जिले के सभी वित्तीय संस्थानों और बैंक एटीएम की रात्रिकालीन जांच की। वहीं कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन, मुड़वारा स्टेशन, सलैया स्टेशन और बस स्टैंड पर लगातार निगरानी रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
अवैध शराब, जुआ और यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान अवैध शराब परिवहन, विक्रय एवं सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के खिलाफ 14 आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए। जुआ एक्ट के तहत 01 प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
रात्रि वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 07 चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 85 अन्य चालान मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में बनाए गए।
शांति व्यवस्था बनाए रखने कई प्रकरण दर्ज
धारा 170 बीएनएसएस के तहत 09 आरोपियों पर कार्रवाई।
धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत 74 प्रकरणों में 79 व्यक्तियों पर कार्रवाई।
धारा 129 बीएनएसएस के तहत 16 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कटनी पुलिस ने आदतन अपराधियों की चेकिंग कर उन्हें सख्त हिदायत दी तथा उनके डोजियर भी अपडेट किए।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्पष्ट किया कि जिले में सख्त कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए कटनी पुलिस का कांबिंग गश्त अभियान लगातार जारी रहेगा।