कटनी कैमोर।
औद्योगिक नगरी कैमोर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एक बार फिर अव्यवस्थाओं और लापरवाही को लेकर चर्चा में है। इस बार अस्पताल स्टॉफ की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां इलाज कराने पहुंची एक महिला को एक्सपायरी डेट की टैबलेट दे दी गई।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवा महिला को वितरण काउंटर से दी गई थी। महिला जब दवा लेकर घर पहुंची और टैबलेट का पैकेट देखा तो उस पर मार्च माह की एक्सपायरी डेट अंकित मिली। यह देखकर महिला और उसके परिजन हैरान रह गए।
महिला ने तुरंत इसकी जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 में दर्ज कराई गई। परिजनों ने जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस प्रकार की लापरवाही लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में अधिकांश गरीब और अशिक्षित लोग इलाज के लिए आते हैं, जो बिना जांचे-परखे दवाइयों का सेवन कर लेते हैं। ऐसे में एक्सपायरी दवा का वितरण गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इस स्वास्थ्य केन्द्र में दवाइयों की कमी और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें और खबरें सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे स्थानीय नागरिकों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर आक्रोश और चिंता बढ़ती जा रही है।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट