बरेली
सोमनाथ मंदिर की 75वीं वर्षगांठ रविवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर निकली भव्य कलश यात्रा में शहरभर से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में तुलसी मठ से लेकर मंदिर परिसर तक हर गली ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष और वैदिक मंत्रों से गूंज उठी।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने तुलसी मठ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जनपदवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। जिलाधिकारी ने ओंकार जाप, महाआरती, रुद्राभिषेक और दीपोत्सव में भी सहभागिता की।
शाम होते-होते पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक अनुष्ठानों में भाग लिया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं, आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
पूजन के उपरांत हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। तुलसी मठ परिसर में देर रात तक भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक गर्व का माहौल बना रहा।
प्रमोद शर्मा ब्यूरो बरेली