शहजाद आलम जिला संवाददाता/सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर
जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मोहाना पुलिस, एसएसबी ककरहवा और सीमा शुल्क इकाई ककरहवा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नेपाली नागरिक को 18 पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद पासपोर्टों में 16 बांग्लादेशी और 2 नेपाली पासपोर्ट शामिल हैं। मामले को सीमा सुरक्षा और संभावित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़कर देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण, तस्करी रोकथाम और सीमा सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थाना मोहाना पुलिस, एसएसबी और सीमा शुल्क विभाग की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चला रही थी।
मंगलवार को ककरहवा चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से कुल 18 पासपोर्ट बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त की पहचान जलंधर धामी पुत्र रामपुकार धामी निवासी ग्राम हरिपुर-7, जिला सरलाई, प्रदेश-2 नेपाल के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, बरामद पासपोर्टों के संबंध में गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय गिरोह, अवैध मानव तस्करी नेटवर्क या फर्जी दस्तावेजों के कारोबार से जुड़ा है या नहीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां कई बिंदुओं पर जांच कर रही हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम की धारा-12 तथा बीएनएस की धारा 336(3) और 338 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है।
इस संयुक्त कार्रवाई में थाना मोहाना पुलिस, एसएसबी ककरहवा तथा सीमा शुल्क इकाई ककरहवा के अधिकारी और जवान शामिल रहे।