शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मंगलवार को उस्का बाजार कस्बे में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में बन रहे मुख्य भवन, प्रधानाचार्य आवास, स्टाफ आवास, बालवाटिका, डॉर्मेट्री, मेस सहित अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग (भवन खंड), अयोध्या के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समयसीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने पास में स्थित निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, उस्का बाजार का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि पिछले एक माह से विद्यालय का निर्माण कार्य बंद पड़ा है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ के संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने निर्देश दिया कि मई 2026 के अंत तक हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान मनोनीत सभासद पवन जायसवाल भी मौजूद रहे। इस दौरान रसोईघर का निरीक्षण किया गया तथा विद्यालय की लैब में बच्चे प्रैक्टिकल कार्य करते हुए पाए गए। जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली।