नरेश सोनी ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग
जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए पुलिस अधीक्षक (SP), ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में अपराध नियंत्रण, अवैध खनन और आगामी त्योहारों को लेकर कई कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए.
पुलिसकर्मियों का बढ़ा उत्साह: बैंक लूट कांड का खुलासा करने वाली टीम सम्मानित
बैठक की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक ने बरही थाना क्षेत्र में हुए बैंक लूट कांड का सफल उद्भेदन करने वाली टीम की सराहना की। इस मामले में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया.
लंबित मामलों पर ‘डेडलाइन’ तय
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों को जल्द सुलझाने का निर्देश देते हुए समय सीमा निर्धारित की है:
महिला व SC/ST मामले: महिला प्रताड़ना और अनुसूचित जाति/जनजाति से संबंधित कांडों में 60 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित कर निष्पादन का आदेश दिया गया है.
पुराने लंबित कांड: वर्ष 2025 से पहले के सभी लंबित मुकदमों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया गया है.
साप्ताहिक समीक्षा: प्रत्येक सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस निरीक्षक थानों में बैठक कर लंबित मामलों की प्रगति की जांच करेंगे.
त्योहारों से पहले सुरक्षा सख्त: फरार अपराधियों की होगी गिरफ्तारी
आगामी बकरीद त्योहार 2026 के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा की जाए और उनमें फरार चल रहे अभियुक्तों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. साथ ही, वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती के लंबित मामलों के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.
अवैध खनन और मादक पदार्थों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’
जिले में हो रहे अवैध दोहन और नशाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का खाका तैयार किया गया है:
अवैध खनन: कोयला, बालू और पत्थर के अवैध उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए अंचल अधिकारी (CO) और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाकर छापेमारी की जाएगी.
ड्रग्स के खिलाफ अभियान: अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के ठिकानों को चिन्हित कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा.
संगठित अपराध: अपराधियों और सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ CCA और गुंडा पंजी में नाम दर्ज करने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है.
जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
एसपी ने थाना प्रभारियों को संवेदनशील बनने का निर्देश देते हुए कहा कि थानों में आने वाली आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समय पर समाधान किया जाए. विशेष रूप से जमीन विवाद और साइबर अपराध से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है.