नरेश सोनी ब्यूरो प्रमुख हजारीबाग।
हजारीबाग
जिले को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ हजारीबाग पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पेलवल ओपी क्षेत्र के ग्राम पबरा के पास बोंगा रोड के जंगलों में छापेमारी कर पुलिस ने 169 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य तस्करों और उन्हें सप्लाई देने वाली एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गुप्त सूचना पर एसपी ने बनाई विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक (SP) हजारीबाग को 14 मई की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि पबरा गांव में ब्राउन शुगर की बड़ी खेप की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोंगा रोड के पास घेराबंदी की और दो तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया।
ईचाक की महिला तस्कर जुड़ी थी गिरोह से
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अविनाश कुमार (ग्राम पबरा) और संदीप कुमार उर्फ निक्की (ग्राम हदारी, ईचाक) के रूप में हुई है। पुलिसिया पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ कि इन्हें अवैध नशे की सप्लाई किरण कुमारी उर्फ काजल कुमार (पति- दीपक कुमार मेहता, ग्राम हदारी) द्वारा की जा रही थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया।
जब्त सामग्री और अपराधी का पुराना इतिहास
पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामग्रियां जब्त की हैं:
अवैध ब्राउन शुगर: 169 ग्राम
मोबाइल फोन: 02
गौरतलब है कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से संदीप कुमार उर्फ निक्की का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध ईचाक थाना में पूर्व से ही NDPS एक्ट के तहत दो मामले (कांड सं. 164/2025 और कांड सं. 31/2026) दर्ज हैं।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस सफल अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एसडीपीओ सदर अमित आनंद, पेलवल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय, ईचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार और लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा सहित सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा के जवान शामिल थे।