शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
आल इंडिया मजलिस ए इतिहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) सिद्धार्थनगर इकाई की ओर से शुक्रवार को महाराष्ट्र सरकार के मंत्री Nitesh Rane के कथित विवादित बयान के विरोध में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति एवं भारतीय चुनाव आयोग को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष Nishat Ali ने किया।
ज्ञापन में मांग की गई कि नितेश राणे को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल एवं विधानसभा की सदस्यता से बर्खास्त करते हुए उनके विरुद्ध यूएपीए सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मंत्री द्वारा लगातार संविधान विरोधी, समाज को विभाजित करने वाले तथा सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले बयान दिए जा रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक, धर्म एवं वैधानिक राजनीतिक दल को समान अधिकार और लोकतांत्रिक भागीदारी का अधिकार देता है। इसके बावजूद नितेश राणे द्वारा सार्वजनिक मंचों से AIMIM को “टेररिस्ट ऑर्गेनाइजेशन” तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Asaduddin Owaisi को “आतंकवादियों का सरदार” कहकर संबोधित किया गया। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में उन्होंने AIMIM की तुलना प्रतिबंधित संगठन PFI से करते हुए पार्टी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि किसी संवैधानिक पद पर बैठा मंत्री यदि एक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल और उसके निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए आतंकवादी जैसे शब्दों का प्रयोग करता है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और करोड़ों मतदाताओं का अपमान है। ऐसे बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक उन्माद फैलाने वाले हैं।
ज्ञापन में नितेश राणे के खिलाफ घृणा भाषण, सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने तथा सामाजिक शांति भंग करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने, मंत्री पद से हटाने और चुनाव आयोग से कार्रवाई कराने की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि यदि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो संविधान और लोकतंत्र के प्रति लोगों का विश्वास कमजोर होगा।
इस दौरान मेराज चौधरी, नईम अख्तर अंसारी, हिदायतुल्लाह शम्सी, इरफान अहमद, रिजवान जफरुल्लाह, अताउल्लाह चौधरी, अब्दुल अहद खान, डॉ. उबैदुल्लाह हाशमी, शम्स तबरेज खान, इजहार खान, तनवीर अहमद, हाजी सिराजुद्दीन, सुहेल अहमद, आफताब अहमद, जाहिरुद्दीन, सहजाद अहमद, अब्दुल सलाम, नूर आलम, मोहम्मद इस्लाम, अरमान, मोहम्मद अनस सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।