शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के इटवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रगड़गंज चौराहे स्थित राइस मील के पास शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप और स्विफ्ट कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पिकअप सड़क पर पलट गई, जबकि स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज गति से आ रहे थे। रगड़गंज राइस मील के पास अचानक दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जबकि स्विफ्ट कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके की ओर दौड़ पड़े।
इस दुर्घटना में दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर पड़े होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रगड़गंज चौराहे के आसपास अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था मजबूत करने और वाहनों की गति नियंत्रित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।