राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह नगर निगम कार्यालय में आयोजित वृहद समीक्षा बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी को लेकर अधिकारियों की जमकर क्लास ली और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में शासन की गाइडलाइन और टूल किट चेकलिस्ट के आधार पर शहर में चल रही स्वच्छता गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के सभी मानकों का पालन तय समय-सीमा में हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान वार्डवार सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, नाला सफाई, ग्रीन वेस्ट और सी एंड डी वेस्ट प्रबंधन, स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई, घाटों की साफ-सफाई, उद्यानों की व्यवस्थाएं और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही शहर के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में भी स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निगमायुक्त ने नाले-नालियों की सफाई में लापरवाही और चूहों के कारण नालियों में मिट्टी भराव की समस्या के समाधान में सुस्ती बरतने पर स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी समेत वार्ड क्रमांक 1, 5, 16, 27, 29, 34, 37 और 44 के वार्ड दरोगाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एमएसडब्ल्यू प्रबंधन को कचरा संग्रहण वाहनों का समय तय करने तथा सुलभ इंटरनेशनल को सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप रखने की सख्त हिदायत दी गई। निगमायुक्त ने चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही मिलने पर कटौती और अनुबंध निरस्त करने जैसी कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक में निगमायुक्त सुश्री परिहार ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब आम नागरिक भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने की बात कही।
साथ ही सभी नोडल अधिकारियों और गठित दलों को अपने-अपने वार्डों में नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपयुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री आसित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी, वार्ड दरोगा, एमएसडब्ल्यू प्रबंधन, ओम साईं विजन और सुलभ इंटरनेशनल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।