राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में नागरिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने विस्फोटक पदार्थों से जुड़ी इकाइयों पर सख्त निगरानी शुरू कर दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में संचालित पटाखा फैक्ट्रियों, विस्फोटक भंडारण मैगजीनों तथा अमोनियम नाइट्रेट फैक्ट्रियों और स्टोर हाउसों का व्यापक निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन अभियान चलाया गया।
अनुविभाग, तहसील और थाना स्तर पर गठित संयुक्त जांच दलों ने विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों, लाइसेंस शर्तों और विस्फोटक अधिनियमों के पालन की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लाइसेंस से स्टॉक तक हर बिंदु की जांच
जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने लाइसेंसधारियों के नाम, लाइसेंस जारी करने वाली संस्था, वैधता अवधि और निर्धारित शर्तों के अनुपालन की गहन समीक्षा की। इसके साथ ही विस्फोटक पदार्थों के निर्माण और भंडारण स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की गई।
अधिकारियों ने अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा संधारित अभिलेखों के आधार पर विस्फोटक सामग्री के क्रय-विक्रय एवं भंडारण का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, फायर एक्सटिंग्विशर, सैंड बकेट, आपातकालीन निकास मार्ग, चेतावनी संकेतक बोर्ड तथा कर्मचारियों को दिए जाने वाले सुरक्षा प्रशिक्षण की भी जांच की गई।
7 अप्रैल को जारी हुए थे निर्देश
कलेक्टर आशीष तिवारी ने 7 अप्रैल को एहतियातन आदेश जारी कर संयुक्त जांच दलों को प्रत्येक लाइसेंसधारी इकाई का भौतिक सत्यापन करने और वास्तविक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत जिलेभर में यह सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।
कई विभागों की संयुक्त कार्रवाई
इस व्यापक अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, विस्फोटक विभाग, राजस्व विभाग, नगरीय निकाय और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमें सक्रिय रहीं। अधिकारियों ने संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, सभी अभिलेख अद्यतन रखने और सुरक्षा उपकरणों को हमेशा क्रियाशील स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए।
नियमों में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विस्फोटक पदार्थों के निर्माण, भंडारण और उपयोग में निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा। जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्त और सतर्क कार्रवाई से जिले में संचालित विस्फोटक इकाइयों के बीच जवाबदेही और सुरक्षा को लेकर गंभीर संदेश गया है।