शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित जीरो पॉवर्टी-उत्तर प्रदेश अभियान के उद्देश्यों की प्रभावी पूर्ति तथा समाज के आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से जनपद सिद्धार्थनगर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। अभियान के अंतर्गत जनपद स्तर पर उच्च शिक्षण संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में आज दिनांक 18 मई, 2026 को जिला प्रशासन एवं सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के मध्य एक नॉन-फाइनेंशियल Memorandum of Understanding (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से श्री बलराम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, सिद्धार्थनगर तथा सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु की ओर से डॉ. अश्विन कुमार, रजिस्ट्रार द्वारा मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में Memorandum of Understanding (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस सहमति पत्र के माध्यम से जनपद में गरीबी उन्मूलन एवं सामाजिक विकास से संबंधित गतिविधियों में शैक्षणिक संस्थानों की सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।
जीरो पॉवर्टी-उत्तर प्रदेश अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब एवं वंचित वर्गों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, रोजगारपरक अवसरों, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इसके अंतर्गत कम से कम 10 ग्राम पंचायतों को गोद लिया जाएगा। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के मध्य यह सहयोग स्थापित किया गया है, जिससे शैक्षणिक ज्ञान एवं प्रशासनिक अनुभव का समन्वय करते हुए बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।
इस सहमति पत्र के अंतर्गत विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, शोधार्थी एवं विद्यार्थी विभिन्न प्रकार के सर्वेक्षण, शोध अध्ययन, जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा सामाजिक विकास संबंधी कार्यों में सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही, जनपद स्तर पर विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उनके परिणामों के मूल्यांकन में भी तकनीकी एवं शैक्षणिक सहयोग प्राप्त होगा।
यह पहल विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें वास्तविक सामाजिक परिस्थितियों को समझने का अवसर भी प्रदान करेगी। इसके माध्यम से युवाओं में समाज सेवा की भावना को बढ़ावा मिलेगा तथा उनके ज्ञान एवं कौशल का उपयोग जनहित के कार्यों में किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रदीप पाण्डेय, सहायक आचार्य, श्री बी.एस. यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, श्री वीरेन्द्र सिंह, अपर सांख्यिकीय अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण एवं संबंधित प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
जनपद प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की सहभागिता भविष्य में सामाजिक एवं आर्थिक विकास के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम प्रदान करेगी तथा जीरो पॉवर्टी-उत्तर प्रदेश अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित करेगी।