राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित साप्ताहिक महापौर जनसुनवाई में शहरवासियों को अपनी समस्याएं सीधे महापौर के समक्ष रखने का अवसर मिला। मेयर इन काउंसिल सभागार में आयोजित जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और पेयजल, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, नाली निर्माण, बंद स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण एवं राजस्व संबंधी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण नगर निगम की प्राथमिकता है तथा जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए, जबकि अन्य प्रकरणों के निराकरण के लिए विभागवार समयसीमा तय कर अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करते हुए संवेदनशीलता के साथ नागरिक समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
जनसुनवाई की विशेष बात यह रही कि विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही मंच पर मौजूद रहे, जिससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। इस व्यवस्था से लोगों को त्वरित सुनवाई और सरल समाधान का लाभ मिला, वहीं निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी देखने को मिली।