सहारनपुर
सहारनपुर- सांसद इकरा हसन के समर्थकों की गिरफ्तारी के विरोध में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सदर बाजार कोतवाली का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। प्रदर्शनकारी गिरफ्तार किए गए सभी लोगों की रिहाई की मांग पर अड़े हुए हैं। जानकारी के अनुसार, सांसद इकरा हसन मंगलवार को डीआईजी अभिषेक सिंह से मिलने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने पीड़ित महिला की बात सुनने और कार्रवाई की मांग उठाई, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने विरोध जताया।इसके बाद उन्हें डीआईजी कार्यालय से महिला थाने लाया गया, जहां कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इसी दौरान पूर्व राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप समेत चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसकी सूचना मिलते ही सांसद इकरा हसन दोबारा सदर बाजार थाने पहुंचीं। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए तथा दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान सांसद इकरा हसन काफी आक्रोशित नजर आईं। बताया जा रहा है कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल से कहा कि यदि कार्यकर्ताओं को रिहा नहीं किया गया तो उन्हें भी गोली मार दी जाए। सांसद के तीखे तेवरों के चलते पुलिस प्रशासन असमंजस की स्थिति में दिखाई दिया। मामले को शांत कराने के लिए अधिवक्ता जान निसार एडवोकेट और रणधीर चौधरी ने भी वार्ता का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ सका। फिलहाल सदर बाजार क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है तथा पुलिस प्रशासन लगातार उच्च अधिकारियों के संपर्क में है। इस दौरान सदर बाजार में फ़ाहद सलीम, पूर्व विधायक माविया अली, पूर्व विधायक ठाकुर वीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद हाजी फजलुर रहमान ,टिंकू अरोड़ा फरहाद आलम,संदीप सैनी, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष मुजफर अली, सलीम अहमद, फैसल सलमानी,आदि ऋषभ त्यागी, हैदर अली, अन्य समर्थक मौजूद रहे
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़