फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव धंतिया में दबंग युवक द्वारा दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बीच-बचाव करने पहुंचे किशोर पर आरोपी ने लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव धंतिया निवासी नवी मोहम्मद खां का नाती मोईन 18 मई की शाम करीब छह बजे जंगल की ओर गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही मोहसिन उर्फ राहत ने उसे पकड़ लिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने लगा। मोईन की चीख-पुकार सुनकर उसका 16 वर्षीय भाई सुहैल मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा।
आरोप है कि इससे बौखलाए मोहसिन उर्फ राहत ने लोहे की भारी रॉड उठाकर सुहैल पर हमला बोल दिया। आरोपी ने ताबड़तोड़ वार किए, जिससे सुहैल का हाथ टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली