राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ माधवनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक समेत करीब ढाई लाख रुपए का सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को उप निरीक्षक योगेश मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हास्पिटल लाइन निवासी मुकेश उर्फ मुक्कू पोपटानी अपने साथियों के साथ ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टा संचालित कर अवैध कमाई कर रहा है।
सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस, थाना कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने रफी किदवई वार्ड स्थित दुबे कॉलोनी में गगन नाकरा के मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुकेश उर्फ मुक्कू पोपटानी और सूरत निवासी हितेश डायाभाई खूट उर्फ पटेल को ऑनलाइन सट्टा चलाते हुए पकड़ लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन और लैपटॉप के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन दांव लगवा रहे थे। पूछताछ के दौरान आरोपी किसी प्रकार का वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
मौके से पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, 10 बैंक पासबुक, 19 एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप, वाई-फाई राउटर, एटीएम स्वाइप मशीन, कैलकुलेटर, हिसाब-किताब की डायरी एवं नगद 4 हजार 800 रुपए जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह पूरा सट्टा कारोबार अपने मित्र एवं मकान मालिक गगन नाकरा के कहने पर संचालित कर रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही गगन नाकरा फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही जब्त बैंक खातों की जांच कर अन्य जुड़े लोगों की तलाश भी की जा रही है। इस कार्रवाई में माधवनगर थाना पुलिस एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।