शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
ईदु-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों, उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों एवं अन्य अधिकारियों के साथ बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी थानाध्यक्षों ने बताया कि थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। संभ्रांत नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने कहा कि सिद्धार्थनगर एक शांतिप्रिय जनपद है और इसकी पहचान बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छोटी से छोटी गतिविधियों पर भी सतर्क निगरानी रखी जाए। नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, नालियों की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईदु-उल-जुहा की नमाज सार्वजनिक स्थलों या सड़कों पर न पढ़ी जाए। साथ ही ईदगाह एवं मस्जिदों के आसपास प्रतिबंधित या आवारा पशुओं की मौजूदगी न हो, जिससे नमाज अदा करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि कोई नई परंपरा शुरू न होने दी जाए तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न की जाए। कुर्बानी के बाद अवशेषों के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि 28 मई को मनाए जाने वाले ईदु-उल-जुहा पर्व को सभी समुदाय आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने तथा किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि करने के बाद ही उसे आगे बढ़ाने की अपील की गई।
बैठक का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, थानाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।