शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के पथरा थाना क्षेत्र के बनगवा पड़ाइन गांव में मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गांव में हुई कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जहां जमकर लाठी-डंडे, सरिया और ईंट-पत्थर चले। इस हिंसक झड़प में छह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल जमीरउल्लाह को इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं एक युवक का हाथ टूट गया, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पथरा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया से बातचीत में घायल अरबाज खान ने बताया कि 18 मई की सुबह करीब 8:30 बजे वह खेत की तरफ से लौट रहे थे, तभी गांव के निलेश पांडे पुत्र सूर्यनाथ पांडे ने उन्हें गाली दी और मारपीट की। परिजनों और गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
अरबाज के मुताबिक शाम को जब वह अपनी छत पर गमलों में पानी डाल रहे थे, तभी निलेश पांडे ने उन पर पत्थर फेंका। विरोध करने पर आरोपी पक्ष के लोग लाठी-डंडा और सरिया लेकर उनके घर पहुंच गए। दोनों पक्षों ने डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और समझौता कराकर चली गई।
अरबाज ने आरोप लगाया कि अगले दिन जब वह अपने परिवार के साथ बाइक से दुकान जा रहे थे, तभी आरोपी पक्ष के लोग लामबंद होकर पहुंचे और लाठी-डंडे, सरिया व कांच की बोतलों से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि उनके चाचा जमीरउल्लाह को बुरी तरह पीटा गया, जिनकी बाद में इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई।
अरबाज ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष गांव छोड़ने की धमकी दे रहा है और मामले को सांप्रदायिक रंग देने की बात कह रहा है। उन्होंने पुलिस से न्याय की मांग की है।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया कि थाना पथरा बाजार में आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
उन्होंने कहा कि गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।