वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र की शांत मानी जाने वाली गंगोत्री विहार कॉलोनी में हुई एक बड़ी चोरी ने लोगों की नींद उड़ा दी है। सेवानिवृत्त शिक्षक अकबाळ सिंह का बंद मकान चोरों के निशाने पर आ गया। परिवार पैतृक गांव गया था और इसी बीच एक शातिर चोर ने घर को अपना अड्डा बना लिया।
बताया जा रहा है कि चोर ने किचन की ग्रिल उखाड़कर घर में एंट्री की। इसके बाद उसने पूरे घर को बेहद आराम से खंगाला। अलमारी के ताले टूटे मिले, बेड के ड्रावर बिखरे पड़े थे और घर का हर कोना इस बात की गवाही दे रहा था कि चोर किसी जल्दबाजी में नहीं था। हैरानी की बात यह है कि सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध करीब ढाई घंटे तक घर के अंदर घूमता दिखाई दिया।
जब परिवार वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई। सोने-चांदी के करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और 22 हजार रुपये नकद गायब थे। खबर फैलते ही कॉलोनी में दहशत फैल गई। लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी देर तक चोर घर में रहा और किसी को भनक तक कैसे नहीं लगी?
सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है और रात की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अब सबकी नजर उस सीसीटीवी फुटेज पर टिकी है जिसमें कैद चेहरा शायद इस रहस्यमयी चोरी की पूरी कहानी खोल सकता है।